चुलकाना धाम के श्री श्यामजी मंदिर का इतिहास: बैरागी पुजारी परिवार, संवत 1705 और उपलब्ध दस्तावेजों की तीन दिवसीय शोध-पड़ताल
दस्तावेज पहले, निष्कर्ष बाद में।
पिछले तीन दिनों से चुलकाना धाम के श्री श्यामजी मंदिर से संबंधित ऐतिहासिक सामग्री की खोज की गई। उद्देश्य किसी बात को सिद्ध करना नहीं, बल्कि उपलब्ध स्रोतों में जो कुछ लिखा हुआ मिलता है, उसे सामने रखना है।
इस दौरान वंशावली/जगा सामग्री, पुराने समाचार-पत्र, सरकारी जनगणना रिकॉर्ड, गजेटियर, ऐतिहासिक पुस्तकें तथा वर्ष 2025 के न्यायिक रिकॉर्ड को देखा गया।
वंशावली/जगा दस्तावेज
14 सितम्बर 2026 को उपलब्ध कराए गए वंशावली दस्तावेज में चुलकाना धाम तथा श्री श्यामजी मंदिर से संबंधित कई विवरण दर्ज हैं।
इस सामग्री में "चुलकाना बैरागी जाति" का उल्लेख मिलता है। इसी क्रम में संवत 1705 में कन्हैयादास के चुलकाना आने का विवरण दिया गया है। कन्हैयादास, धूना, चबूतरा तथा श्यामजी से संबंधित विवरण भी दर्ज हैं।
आगे मनोहरदास और डेगीराम आदि के संबंध में वंशावली तथा मंदिर से जुड़े विवरण दिए गए हैं।
इसी सामग्री में एक स्थान पर "सम्प्रदा निम्बार्क" लिखा हुआ मिलता है। अस्थल तिरखू तथा दीक्षा से संबंधित विवरण भी उसी सामग्री में दर्ज है।
बाद के पृष्ठों में बैरागी पुजारी परिवार, मंदिर निर्माण तथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी मंदिर सेवा से संबंधित विवरण दिया गया है।
हम इन बातों को जगा/वंशावली स्रोत में दर्ज सामग्री के रूप में ही प्रस्तुत कर रहे हैं। इनका स्वतंत्र ऐतिहासिक सत्यापन अभी बाकी है।
दैनिक ट्रिब्यून की रिपोर्ट
पुराने दैनिक ट्रिब्यून में प्रकाशित रिपोर्ट "चुलकाना धाम में भी बसते हैं बाबा श्याम" में चुलकाना के श्री श्याम मंदिर से संबंधित जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट में बाबा मनोहर दास जी की समाधि, उनके द्वारा श्याम बाबा की पूजा किए जाने तथा मंदिर की देखरेख वैरागी परिवार द्वारा किए जाने का उल्लेख है। रिपोर्ट में वैरागी परिवार की 18 पीढ़ियों द्वारा मंदिर की सेवा किए जाने की बात भी सामने आती है।
यहाँ भी हमारी ओर से केवल समाचार-पत्र में प्रकाशित विवरण प्रस्तुत किया जा रहा है।
वर्ष 2025 का हाई कोर्ट रिकॉर्ड
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में वर्ष 2025 में Pracheen Shri Shyam Mandir Pujari Sewa Samiti (Regd.), Chulkana Dham बनाम State of Haryana & Others मामला आया।
न्यायिक रिकॉर्ड में Thakur Shyam Baba Mandir, Chulkana (Chulkana Dham) तथा मंदिर के hereditary pujaris से संबंधित पक्षकारों के कथन दर्ज हैं।
लेकिन यहाँ भी सावधानी आवश्यक है। हम न्यायालय में दर्ज पक्षकारों के कथन को न्यायालय द्वारा प्रमाणित इतिहास के रूप में प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं।
1961 की सरकारी जनगणना
1961 के Census रिकॉर्ड में Chulkana के अंतर्गत "Temple Shyamji" का उल्लेख मिलता है।
इसे केवल सरकारी जनगणना रिकॉर्ड में श्री श्यामजी मंदिर के उल्लेख के रूप में रखा जा रहा है। इससे आगे हमारी ओर से कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा।
1916 और 1918 के स्रोत
R. V. Russell की 1916 की पुस्तक में Bairagi तथा निमानंदी/निमात/निम्बादित्य आदि से संबंधित सामग्री मिलती है, लेकिन हमारी खोज में चुलकाना धाम के श्री श्यामजी मंदिर का सीधा उल्लेख नहीं मिला।
1918 के Karnal District Gazetteer के उपलब्ध पृष्ठों की भी जाँच की गई। चुलकाना, श्री श्यामजी मंदिर, बैरागी पुजारी परिवार या निम्बार्क सम्प्रदाय से संबंधित उपयोगी उल्लेख नहीं मिला।
इसलिए इन दोनों स्रोतों को चुलकाना के प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जा रहा।
तीन दिन की शोध-पड़ताल का परिणाम
तीन दिनों की मेहनत में हमें कुछ महत्वपूर्ण सामग्री अवश्य मिली, लेकिन अभी तक ऐसा स्वतंत्र ऐतिहासिक शोध-कार्य नहीं मिला है जिसके आधार पर हम सभी उपलब्ध कथनों को अपनी ओर से प्रमाणित घोषित कर दें।
इसलिए हमारा स्पष्ट नियम है:
जगा की पोथी में जो लिखा है, उसे जगा की पोथी का कथन माना जाएगा।
अखबार में जो प्रकाशित है, उसे अखबार की रिपोर्ट माना जाएगा।
न्यायालय के रिकॉर्ड में जो पक्षकारों ने कहा है, उसे उसी रूप में रखा जाएगा।
सरकारी रिकॉर्ड में जो दर्ज है, उसे सरकारी रिकॉर्ड के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
जहाँ स्वतंत्र पुष्टि नहीं मिली, वहाँ हम स्वयं से कोई निष्कर्ष नहीं निकालेंगे।
शोध अभी समाप्त नहीं हुआ है। यदि आगे कोई पुराना ग्रंथ, शोध-पत्र, सरकारी अभिलेख, मंदिर संबंधी पुराना दस्तावेज अथवा स्वतंत्र ऐतिहासिक शोध प्राप्त होता है, तो उसी के आधार पर आगे की जाँच की जाएगी।
"दस्तावेज पहले, निष्कर्ष बाद में।
जो सिद्ध है वही लिखा जाएगा।
झूठ के पैर नहीं होते।"
नरेश दास वैष्णव निम्बार्क
लेखक | शोधकर्ता | इतिहासकार
जन्मस्थान: ग्राम रामनगर, गन्नौर, सोनीपत, हरियाणा
www.nareshswaminimbark.in
- Link to Vaishnav Samaj — History for context
- Link to Books for deeper learning
- Link to related posts on values, seva and gratitude