कमांडो ने पुस्तक रोकी, मुख्यमंत्री ने स्वयं मँगवाई: सैनिक की 22वीं पुस्तक पहुँची नायब सिंह सैनी जी के हाथों में
दिनांक : 7 नवंबर 2026 | स्थान : संत कबीर कुटी, मुख्यमंत्री निवास, चंडीगढ़

जय श्री सीताराम। जय श्री राधे-राधे।
आज 7 नवंबर 2026 को हरियाणा के जननायक मुख्यमंत्री माननीय श्री नायब सिंह सैनी जी से आत्मीय भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
आज सुबह मैं अपने गाँव रामनगर, गन्नौर, जिला सोनीपत से यात्रा करते हुए दोपहर लगभग 12 बजे गन्नौर पहुँचा। वहाँ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गन्नौर विधानसभा क्षेत्र के श्री दिनेश स्वामी जी, उनके सुपुत्र हर्ष स्वामी तथा श्री वीरेंद्र त्यागी जी के साथ दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान किया। लगभग 3:30 बजे हम मुख्यमंत्री निवास स्थित संत कबीर कुटी पहुँचे।
औपचारिक सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब मैं अपनी पुस्तक लेकर मुख्यमंत्री जी से मिलने अंदर जाने लगा, तो हरियाणा पुलिस के कमांडो ने पुस्तक बाहर ही रखवा दी। उन्होंने बताया कि अंदर कोई भी सामान ले जाने की अनुमति नहीं है।
मुख्यमंत्री जी से भेंट हुई तो मैंने उन्हें बताया कि यह मेरी 22वीं पुस्तक है। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी पेंशन के सहारे और लगभग 18 वर्षों के शोध एवं परिश्रम से मैंने इस पुस्तक को तैयार किया है। पुस्तक का नाम है:
“सनातन अयोध्या खंड–2 : रामजन्मभूमि की रक्षा में वैष्णव बैरागी अखाड़ों का योगदान”
मेरी बात सुनकर मुख्यमंत्री जी ने तुरंत सुरक्षा कमांडो को निर्देश दिया कि मेरी पुस्तक लेकर आएँ।
इसी बीच दिनेश स्वामी जी ने समाज से जुड़े एक विषय पर बातचीत शुरू की। मुख्यमंत्री जी ने पहले लिखित आवेदन देने के लिए कहा। इसके बाद दिनेश स्वामी जी और मैं गार्ड रूम में गए। वहाँ उन्होंने आवेदन तैयार किया और मैं अपनी पुस्तक लेकर वापस आया। मैंने स्वयं मुख्यमंत्री जी को पुस्तक भेंट की और इस यादगार अवसर की तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे मेरे कार्यों की सराहना की तथा बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सनातन के प्रचार के लिए आप अपना कार्य जारी रखें।
दीपावली के पावन पर्व पर हमने मुख्यमंत्री जी को शुभकामनाएँ दीं और उन्होंने भी हमें दीपावली की हार्दिक बधाई दी।
पूरी भेंट अत्यंत सौहार्दपूर्ण और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। हम काफी देर तक उनके कार्यालय में बैठे रहे। मुख्यमंत्री जी का सहज व्यवहार देखकर ऐसा लगा मानो परिवार के ही किसी सदस्य से बातचीत हो रही हो।
आज के समय में जहाँ कभी-कभी साधारण पद और प्रतिष्ठा मिलने पर भी लोगों का व्यवहार बदल जाता है, वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर रहते हुए श्री नायब सिंह सैनी जी की सहजता और आत्मीयता मन को छू गई।
दिनेश स्वामी जी अपने साथ मिठाई भी लेकर गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को मिठाई खिलाई और मुख्यमंत्री जी ने भी बड़े स्नेह से हमें मिठाई खिलाई।
रामनगर से चंडीगढ़ तक 220 किलोमीटर की एक तरफ की यात्रा और वापसी में 220 किलोमीटर, इस प्रकार आज कुल लगभग 440 किलोमीटर का सफर तय हुआ। यह यात्रा मेरे लिए यादगार बन गई।
इस भेंट का श्रेय भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री दिनेश स्वामी जी को जाता है, जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री जी से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। अब वर्ष में कई बार उनसे भेंट का अवसर मिल जाता है। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
मेरे लिए यह विशेष प्रसन्नता का विषय है कि एक सैनिक, लेखक और शोधकर्ता के रूप में वर्षों की मेहनत से तैयार अपनी पुस्तक को हरियाणा के मुख्यमंत्री के हाथों तक पहुँचा सका।
मेरा संकल्प आज भी वही है:
दस्तावेज पहले बोलेंगे, उसके बाद हम लिखेंगे। झूठ को कभी सच नहीं बनाएँगे।
सनातन धर्म, भारतीय सभ्यता और सनातन वैष्णव बैरागी परंपरा के वास्तविक इतिहास को प्रमाणों के साथ समाज के सामने लाने का मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
अंत में समस्त देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ। भगवान श्रीराम, माता सीता और श्री राधा-कृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे।
जय श्री सीताराम। जय श्री राधे-राधे।
नरेश दास वैष्णव निम्बार्क
लेखक | शोधकर्ता | इतिहासकार
सेवानिवृत्त मानद नायब सूबेदार, भारतीय सेना
वीडियो प्रस्तुति : निम्बार्क वैष्णव बैरागी टीवी | फेसबुक
- Link to Vaishnav Samaj — History for context
- Link to Books for deeper learning
- Link to related posts on values, seva and gratitude